मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जन समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जन शिकायतों के त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ ही गढ़वाल आयुक्त और आईजी गढ़वाल को भी जन समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो और पात्र लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक की समस्या का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर आशा नौटियाल ने प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा एवं चारधाम यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की सतत निगरानी और बेहतर प्रबंधन के कारण श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हुईं।

वहीं भूपाल राम टम्टा ने भी प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से भेंट कर बुग्याल क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने के लिए सरकार की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि उत्तराखंड के बुग्याल राज्य की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर हैं और इनसे स्थानीय लोगों की आजीविका तथा पर्यटन गतिविधियां जुड़ी हुई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन विकास और स्थानीय रोजगार के बीच बेहतर संतुलन स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के संतुलित विकास और जन समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं का समाधान पूरी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए।

बैठक में सचिव विनय शंकर पांडेय, आनंद स्वरूप, राजीव स्वरूप, अपर सचिव जे.सी. कांडपाल सहित मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *