देहरादून में भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट, जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर

देहरादून ,

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जनपद में आगामी दिनों के दौरान भारी से अत्यंत भारी वर्षा की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। 20 जुलाई के लिए जारी रेड अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी विभागाध्यक्षों, नोडल अधिकारियों और त्वरित प्रतिक्रिया दलों (क्यूआरटी) को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि जनपद में आपदा प्रबंधन और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें और संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करें।

मौसम विभाग के अनुसार 18 और 19 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट, 20 जुलाई को रेड अलर्ट तथा 21 जुलाई को पुनः ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई क्षेत्रों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की संभावना जताई गई है।

जिलाधिकारी ने संवेदनशील क्षेत्रों में मानव संसाधन, जेसीबी मशीनों, राहत एवं बचाव उपकरणों की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया है कि किसी भी प्रकार की आपदा या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (डीईओसी) को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए स्थिति की लगातार निगरानी की जाए, जिससे जन-धन की हानि को न्यूनतम रखा जा सके।

जिलाधिकारी ने आमजन से भी मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से नदी-नालों, जलभराव वाले क्षेत्रों और भूस्खलन संभावित स्थानों पर जाने से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *