देहरादून,
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने जनपद देहरादून में 18 जुलाई 2026 (शनिवार) को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष सविन बंसल द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि राष्ट्रीय आपदा चेतावनी पोर्टल (National Disaster Alert Portal) से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में जनपद के कुछ क्षेत्रों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अत्यंत तेज बारिश की संभावना है। प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून को निर्देशित किया है कि सभी विद्यालयों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। यह आदेश जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, निजी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों पर समान रूप से लागू रहेगा।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।