देहरादून ,
माननीय सर्वोच्च न्यायालय के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण एवं सार्वजनिक शांति व्यवस्था संबंधी दिशा-निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस ने जनपदभर में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि मानकों के विपरीत संचालित लाउडस्पीकरों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
पुलिस एवं उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीमों ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों पर लगाए गए ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित हो रहे लाउडस्पीकरों को 43 धार्मिक स्थलों से हटवाया गया।
अभियान के दौरान संबंधित संस्थानों एवं व्यक्तियों को निर्देश दिए गए कि भविष्य में सक्षम प्राधिकारी की अनुमति तथा निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन किए बिना लाउडस्पीकरों का संचालन न किया जाए। साथ ही उन्हें ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए नियमों के पालन के लिए जागरूक किया गया।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति या संस्था बिना अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करते हुए लाउडस्पीकर का संचालन करती पाई गई, तो संबंधित अधिनियमों एवं नियमों के तहत उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।