National Games पदक विजेताओं के लिए खुशखबरी, Out of Turn नौकरी का रास्ता साफ

देहरादून ,

उत्तराखंड में आयोजित 38वें National Games के पदक विजेताओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। खिलाड़ियों को पदक के आधार पर सीधे सरकारी नौकरी देने की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। मंगलवार को सचिवालय स्थित FRDC सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में खेल मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगस्त तक Out of Turn नौकरी से संबंधित विज्ञप्ति जारी कर दी जाए।

बैठक में मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को नौकरी देने के मामले में अब और देरी नहीं होनी चाहिए और इसे सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। गौरतलब है कि पिछले साल उत्तराखंड में आयोजित 38वें National Games के कई पदक विजेता लंबे समय से सीधे सरकारी नौकरी मिलने का इंतजार कर रहे हैं।

खेल मंत्री ने आगामी 39वें National Games की तैयारियां भी अभी से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि Uttarakhand Olympic Association के साथ समन्वय बनाकर खिलाड़ियों के ट्रायल, प्रशिक्षण और प्रतियोगिता की रणनीति तैयार की जाए।

बैठक में खेल विश्वविद्यालय के पहले शैक्षिक सत्र को शुरू करने के लिए जल्द नियुक्तियां करने के निर्देश भी दिए गए। बताया गया कि पहले सत्र में शुरू होने वाले विषयों का चयन किया जा चुका है। वहीं लोहाघाट स्थित महिला स्पोर्ट्स कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जुलाई से पहला शैक्षिक सत्र शुरू होने की संभावना है।

इसके अलावा नई खेल नीति तैयार करने और प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम स्थापित करने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में विशेष प्रमुख सचिव (खेल) अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह और उपनिदेशक शक्ति सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *