हेमकुंड साहिब यात्रा में अनुशासन और सौहार्द बनाए रखने की अपील

चमोली ,

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब यात्रा को लेकर गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से आपसी भाईचारा, अनुशासन और शांति बनाए रखने की अपील की है। गोविंदघाट में ट्रस्ट की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि श्रद्धालु यात्रा के धार्मिक महत्व और मर्यादा का सम्मान करते हुए पूरी श्रद्धा और संयम के साथ यात्रा करें।

ट्रस्ट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान ऐसा कोई कार्य न किया जाए जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे या सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। उन्होंने यात्रियों से वाद-विवाद और किसी भी प्रकार के विवाद से बचने की अपील की।

ट्रस्ट के अनुसार 23 मई से शुरू हुई श्री हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 में अब तक हजारों श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और लगातार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन जारी है। यात्रियों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है।

प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व धर्म रक्षा के लिए है, न कि उनके दुरुपयोग के लिए। इसलिए यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ न लाने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ रखने से बचाने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी शांतिप्रिय संस्कृति और देवभूमि की पहचान के लिए जाना जाता है। यहां श्री बद्रीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम, मां गंगोत्री धाम और मां यमुनोत्री धाम सहित कई पवित्र तीर्थस्थल स्थित हैं, जिनमें श्री हेमकुंड साहिब का विशेष धार्मिक महत्व है।

ट्रस्ट ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए सरकार द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। किसी भी समस्या या विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *