चमोली ,
उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग में मंगलवार (16 जून) को सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटना सामने आई, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने तलवारबाजी की भी सूचना दी है। इस घटना में कुछ लोगों के घायल होने की बात कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहा था। इसी दौरान कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में किसी बात को लेकर स्थानीय लोगों के साथ उनकी कहासुनी हो गई, जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गई।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में आक्रोश फैल गया। विरोध स्वरूप लोगों ने कर्णप्रयाग बाजार में प्रदर्शन करते हुए बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। इससे बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। जाम के कारण कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
कर्णप्रयाग के सीओ त्रिवेंद्र सिंह राणा ने बताया कि बाजार क्षेत्र में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच विवाद के बाद एक श्रद्धालु द्वारा तलवार से हमला किए जाने की घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने भी हंगामा करते हुए यातायात बाधित कर दिया। फिलहाल पुलिस-प्रशासन मौके पर मौजूद है और स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।