देहरादून ,
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दो दिवसीय उत्तराखंड भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राष्ट्रपति 12 जून 2026 को देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंचेंगी और 13 जून को भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करने के बाद दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने राष्ट्रपति के आगमन से लेकर प्रस्थान तक सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त एवं त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रपति निकेतन से संबंधित विद्युत, पेयजल, संचार नेटवर्क और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को कंटिजेंसी प्लान के साथ सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित भ्रमण मार्ग पर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संबंधित स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, सिटी मजिस्ट्रेट सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।