देहरादून ,
Dr. Ashish Chauhan ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों, रिकॉर्ड रूम एवं आपदा परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण, कार्यालयों की स्वच्छता तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालयों में अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को त्वरित राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने विभिन्न शाखाओं में पत्रावलियों और अभिलेखों के रखरखाव का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि सभी फाइलों और दस्तावेजों को सुव्यवस्थित ढंग से संरक्षित किया जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत उपलब्ध कराया जा सके।
रिकॉर्ड रूम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखों को श्रेणीवार व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। वहीं कार्यालयों की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यालय बेहतर कार्यसंस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्मिकों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जनसेवा प्रशासन का मूल उद्देश्य है और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रतिबद्धता के साथ करें।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आपदा परिचालन केंद्र का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने जनपद के आपदा संवेदनशील क्षेत्रों, भूस्खलन और अतिवृष्टि प्रभावित इलाकों तथा दूरस्थ गांवों की जानकारी ली, जहां पहुंचने के लिए पैदल दूरी तय करनी पड़ती है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों की अद्यतन सूची तैयार रखी जाए तथा संचार व्यवस्था, वैकल्पिक मार्गों और राहत कार्यों की व्यवस्थाओं का नियमित परीक्षण किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून और संभावित आपदाओं को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बनाए रखें।