देहरादून ,
प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री और आध्यात्मिक गुरु सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से चारधाम यात्रियों का 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कराया गया है।
शनिवार को सतपाल महाराज ने बीमा प्रीमियम और सेवाकर की कुल धनराशि 3 लाख 67 हजार 995 रुपये का चेक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंपा। इस अवसर पर श्री बद्रीनाथ-श्री केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी और भाजपा युवा नेता सुयश रावत भी मौजूद रहे।
सतपाल महाराज ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के माध्यम से चारधाम यात्रियों के लिए दुर्घटना बीमा कराया गया है। बीमा योजना के तहत प्रत्येक धाम के लिए 2.50 करोड़ रुपये की बीमा राशि निर्धारित की गई है।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में भगदड़, ईश्वरीय आपदा या आतंकवाद जैसी घटनाओं से प्रभावित प्रत्येक श्रद्धालु को एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
पर्यटन मंत्री ने श्रद्धालुओं से यात्रा पर आने से पहले स्वास्थ्य जांच कराने और डॉक्टर की सलाह लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ऑक्सीजन की कमी के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए जरूरी दवाइयां और आवश्यक उपकरण साथ रखें।
उन्होंने यात्रियों से यात्रा के दौरान शासन और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की भी अपील की। सतपाल महाराज ने कहा कि स्थानीय प्रशासन के सहयोग से श्रद्धालु अपनी यात्रा को सुरक्षित और सफल बना सकते हैं।