उत्तराखंड में राशन कार्ड सेवाएं हुईं डिजिटल, घर बैठे बनेंगे नए कार्ड और होंगे संशोधन

देहरादून ,

भारत सरकार की स्मार्ट पीडीएस योजना के तहत राशन कार्ड सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सरल और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से उत्तराखंड में यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (यूआरसीएमएस) पोर्टल लागू कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत अब नागरिक घर बैठे नया राशन कार्ड बनवाने, नाम जोड़ने-हटाने और अन्य संशोधन कार्य आसानी से कर सकेंगे।

सरकार ने पुराने आरसीएमएस पोर्टल को आधुनिक तकनीक और सरल प्रक्रियाओं के साथ अपडेट कर यूआरसीएमएस पोर्टल तैयार किया है, जिससे लोगों को अधिक सुविधाजनक और पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी। अब राशन कार्ड से जुड़े कार्यों के लिए दफ्तरों और राशन दुकानों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी।

नागरिक आधिकारिक पोर्टल uk.smartpds.nic.in पर Citizen Login के माध्यम से आवेदन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। नया राशन कार्ड बनवाने के लिए आधार आधारित ओटीपी सत्यापन जरूरी होगा, जबकि पुराने राशन कार्ड में संशोधन के लिए मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर से लॉगिन करना अनिवार्य रहेगा।

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि नई व्यवस्था से राशन कार्ड संबंधी सेवाएं अधिक पारदर्शी और सरल होंगी। उन्होंने बताया कि नए राशन कार्ड के लिए नागरिक तहसील और जिला पूर्ति कार्यालय में भी संपर्क कर सकते हैं।

ई-केवाईसी कराने की अपील

जिला पूर्ति अधिकारी ने पुराने राशन कार्ड धारकों से 30 मई से पहले अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि “मेरा ई-केवाईसी” ऐप के माध्यम से घर बैठे आसानी से ई-केवाईसी की जा सकती है।

नए राशन कार्ड हेतु आवश्यक दस्तावेज

  • सभी सदस्यों के आधार कार्ड की प्रतिलिपि
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • आय प्रमाण पत्र
  • मुखिया के पैन कार्ड की प्रतिलिपि
  • बिजली बिल की प्रतिलिपि
  • मुखिया की बैंक पासबुक की प्रतिलिपि
  • गैस बुक की प्रतिलिपि

राशन कार्ड ट्रांसफर हेतु आवश्यक दस्तावेज

  • प्रार्थना पत्र
  • बैंक पासबुक की प्रतिलिपि
  • गैस बुक की प्रतिलिपि
  • बिजली बिल की प्रतिलिपि
  • राशन कार्ड की प्रतिलिपि

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *