देहरादून ,
देहरादून स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदाडे ने जनपद के निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभावार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विजय कुमार जोगदाडे ने सभी आरओ एवं ईआरओ को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन सुबह और शाम पोर्टल पर लॉगिन कर एसआईआर कार्यों की समीक्षा करें तथा प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। उन्होंने 18 जून 2026 तक शत-प्रतिशत फार्म वितरण का कार्य पूरा करने और संबंधित विवरण पोर्टल पर अद्यतन करने के निर्देश दिए। साथ ही, प्राप्त एवं पूर्ण रूप से भरे गए फार्मों को तत्काल पोर्टल पर अपलोड करने को कहा।
उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, वहां विशेष कार्ययोजना तैयार कर संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जाए। कम प्रगति के कारणों का विश्लेषण कर बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्रदान करते हुए अभियान में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने हाउसिंग सोसायटियों, कार्यालय परिसरों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापक जनजागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार बढ़ाने तथा मतदाताओं को फार्म भरने के लिए प्रेरित करने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि फार्म वितरण के साथ-साथ डिजिटाइजेशन कार्य भी प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप किए जाएं। जिन मतदान केंद्रों पर प्रगति धीमी है, वहां संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत रूप से निगरानी करें और बीएलओ एवं तकनीकी कर्मचारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में जानकारी दी गई कि जनपद देहरादून में कुल 13,76,813 मतदाता हैं। अब तक 3,27,236 ईएफएस फार्मों का वितरण किया जा चुका है तथा 16,748 फार्मों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। शेष 10,49,577 ईएफएस फार्मों का वितरण 18 जून तक किया जाना है, जबकि 13,60,065 फार्मों का डिजिटाइजेशन अभी शेष है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी विनोद कुमार, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, डोईवाला की उप जिलाधिकारी अपर्णा सिंह, तहसीलदार विकासनगर विवेक राजौरी, तहसीलदार सदर सुरेन्द्र सिंह, तहसीलदार प्रदीप नेगी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित संबंधित आरओ एवं ईआरओ उपस्थित रहे। वहीं, मसूरी के आरओ एवं संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
