श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के 100 करोड़ से अधिक बकाया का भुगतान जल्द: समाज कल्याण मंत्री खजान दास

देहरादून ,

राज्य सरकार जल्द ही विभिन्न अनुबंधित स्वास्थ्य योजनाओं के तहत श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल का 100 करोड़ रुपये से अधिक का बकाया भुगतान करेगी। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने श्री दरबार साहिब में दर्शन के दौरान यह जानकारी देते हुए कहा कि जहां कई अस्पतालों ने आयुष्मान, गोल्डन कार्ड और ईएसआई योजनाओं के तहत सेवाएं बंद कर दी थीं, वहीं श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल ने निरंतर सेवाएं जारी रखकर सरकार का सहयोग किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार भी अस्पताल को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।

बुधवार को समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने श्री दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों के बीच प्रदेश के समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण, जनस्वास्थ्य सेवाएं और सामाजिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।

श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुसार कैबिनेट मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। खजान दास ने श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान आमजन को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने श्री दरबार साहिब द्वारा राजपुर स्थित माँ अम्बिका देवी मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार कार्य की भी खुलकर प्रशंसा की और इसे धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय द्वारा उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी भी साझा की। कैबिनेट मंत्री बनने के बाद यह खजान दास का श्री दरबार साहिब का पहला दौरा रहा।

समाज कल्याण मंत्री ने समाज कल्याण विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा वृद्धजन, दिव्यांगजन, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए चलाई जा रही योजनाएं आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *