देहरादून ,
उत्तराखंड में धामी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब एक साल से भी कम समय बचा है, लेकिन पिछले चार वर्षों में मंत्रिमंडल कभी भी पूर्ण रूप नहीं ले पाया।
धस्माना ने कहा कि लंबे समय तक दो से लेकर पांच मंत्री पद खाली रहे और अब सरकार ने अंतिम समय में इन्हें भरा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह स्थिति “क्या बरसा जब कृषि सुखाने” वाली कहावत को चरितार्थ करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के महत्वपूर्ण विभाग जैसे वित्त, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि, पर्यटन और लोक निर्माण या तो मुख्यमंत्री के पास रहे या कुछ मंत्रियों को कई विभाग एक साथ दे दिए गए। इससे शासन व्यवस्था प्रभावित हुई और शिक्षा, स्वास्थ्य व सहकारिता जैसे क्षेत्रों में भ्रष्टाचार बढ़ा तथा विकास कार्य बाधित हुए।
हालांकि, धस्माना ने नए मंत्रियों को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अब कार्यकाल के अंतिम चरण में उनसे राज्य हित में बड़े योगदान की उम्मीद बहुत कम है।