देहरादून ,
उत्तराखण्ड सचिवालय में शुक्रवार, 20 मार्च 2026 को आगामी अप्रैल माह में होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश के सभी बूथ लेवल अधिकारियों के साथ आईटी वॉलिंटियर्स की तैनाती की जा रही है। ये वॉलिंटियर्स गणना प्रपत्रों के डिजिटलाइजेशन के साथ-साथ उनके वितरण और संकलन में भी सहयोग करेंगे।
उन्होंने अपर सचिव ग्राम्य विकास और निदेशक शहरी विकास विभाग को निर्देश दिए कि इस अभियान के लिए तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को शीघ्र जोड़ा जाए। साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों के आयुक्तों को मैपिंग कार्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र, अपर सचिव झरना कमठान, निदेशक महिला एवं बाल विकास बीएल राणा, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, निदेशक एसआईसी मनीष जुगरान, अपर निदेशक आईटीडीए तीरथ पाल और उप निदेशक सूचना रवि बिजारनियां सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।