डालनवाला हत्याकांड: पत्नी की तहरीर पर सास सहित चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून ,

डालनवाला क्षेत्र में कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की पत्नी श्रीमती अभिलाषा शर्मा निवासी 41/1 बसंत विहार, देहरादून द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली डालनवाला में सास सहित चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

तहरीर में अभिलाषा शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी सास बीना शर्मा का 1- विनोद उनियाल, 2- श्रीमती संगीता उनियाल पत्नी विनोद उनियाल तथा 3- डॉ. अजय खन्ना (ईसी रोड) के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। उनके अनुसार उनके पति अर्जुन शर्मा द्वारा इस लेन-देन का विरोध किया जा रहा था, जिस कारण उनका अपनी माता के साथ विवाद चल रहा था। इस संबंध में न्यायालय में वाद भी लंबित बताया गया है।

तहरीर में आशंका जताई गई है कि उक्त विवाद के चलते नामजद व्यक्तियों द्वारा उनके पति की हत्या कराई गई हो सकती है।

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से घटना में शामिल आरोपियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *