कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, 150 वर्ग किमी क्षेत्र में 32 सेक्टरों में होगी माइक्रो प्लानिंग

हरिद्वार,

आगामी कुंभ मेला-2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका की अध्यक्षता में आयोजित परामर्शदात्री समिति की बैठक में मेले की व्यवस्थाओं और विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों, संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य हितधारकों से सुझाव और फीडबैक भी प्राप्त किया गया।

हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सभागार में आयोजित बैठक में मेलाधिकारी ने बताया कि कुंभ मेले के लिए चार जिलों के अंतर्गत लगभग डेढ़ सौ वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को मेला क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव है। इस विस्तृत क्षेत्र को 32 सेक्टरों में विभाजित कर सभी व्यवस्थाओं की माइक्रो प्लानिंग तैयार कर ली गई है।

प्रस्तावित मेला क्षेत्र में हरिद्वार जनपद के 23 सेक्टर, देहरादून के 4 सेक्टर, टिहरी के 2 सेक्टर तथा पौड़ी गढ़वाल के 3 सेक्टर शामिल किए गए हैं। प्रत्येक सेक्टर में सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक जन-सुविधाओं की विस्तृत योजना बनाई गई है। स्थायी एवं अस्थायी कार्यों को चरणबद्ध तरीके से निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने कहा कि समिति की बैठक में प्राप्त सुझावों को अंतिम कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा, जिससे आयोजन को और अधिक सुव्यवस्थित बनाया जा सके।

उन्होंने जानकारी दी कि मेले के अंतर्गत दो स्थायी पार्किंग स्थलों के निर्माण का प्रस्ताव है। इसके अलावा मेला क्षेत्र की आंतरिक सड़कों के सुधार और जलभराव की समस्या के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हरिद्वार नगर में सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को एक सप्ताह के भीतर दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं। साथ ही सभी कार्यों को समन्वित और सुनियोजित ढंग से पूरा करने पर बल दिया गया है, ताकि कुंभ मेला-2027 का आयोजन भव्य, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *