देहरादून ,
उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी खरीद से जुड़े वित्तीय अनियमितताओं के मामले में मुख्यमंत्री ने निदेशक (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और निर्धारित नियमों की अनदेखी करते हुए वित्तीय अनियमितताएं की गईं। महानिदेशक (होमगार्ड्स) द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में गड़बड़ियों की पुष्टि होने के बाद यह कड़ी कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री का सख्त संदेश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भ्रष्टाचार पर धामी सरकार का कड़ा रुख
इस निर्णय से साफ संकेत मिलता है कि पद या जिम्मेदारी कितनी भी बड़ी क्यों न हो, भ्रष्टाचार पाए जाने पर कार्रवाई तय है। हाल के समय में कई वरिष्ठ अधिकारियों पर हुई कार्रवाई यह दर्शाती है कि उत्तराखंड सरकार प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।