मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹11.80 करोड़ की धनराशि को दी मंजूरी

देहरादून ,

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से ₹11.80 करोड़ की धनराशि के अनुमोदन को स्वीकृति प्रदान की है। इस राशि का उपयोग आगामी कुंभ मेला–2027 की अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में सड़कों, संपर्क मार्गों, स्थायी रैन बसेरों, विभागीय भवनों, पार्कों और अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में किया जाएगा।

कुंभ मेला–2027 की तैयारियों पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने जनपद हरिद्वार के विकास खंड बहादराबाद में चंडी देवी मंदिर के अंतर्गत Pilgrim Friendly Facilities and Access Development Plan (Phase-1) के निर्माण हेतु ₹3.53 करोड़ तथा मनसा देवी मंदिर (रूट-1 एवं रूट-2) के अंतर्गत श्रद्धालु सुविधाओं एवं पहुंच मार्ग विकास कार्यों के लिए ₹2.19 करोड़ की योजनाओं को स्वीकृति दी है।

प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्य
मुख्यमंत्री द्वारा जनपद पौड़ी के विधानसभा क्षेत्र यमकेश्वर में नगर पालिका दुगड्डा क्षेत्र के अंतर्गत निराश्रित व्यक्तियों के लिए स्थायी रैन बसेरे के निर्माण हेतु ₹70.55 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं जनपद चंपावत में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बनबसा के परिसर में पार्क निर्माण के लिए ₹70.55 लाख तथा जिला कमांडेंट, होमगार्ड्स कार्यालय उत्तरकाशी के अनावासीय भवन निर्माण हेतु ₹2.74 करोड़ की धनराशि को मंजूरी दी गई है।

पिथौरागढ़ जनपद को भी मिली सौगात
जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र पिथौरागढ़ अंतर्गत विकास खंड मूनाकोट की ग्राम सभा घुर्चु में आंतरिक सीसी मार्ग एवं संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹96.39 लाख तथा घुर्चु गोरिला मंदिर से असुरदेव होते हुए कांडा तक संपर्क मार्ग निर्माण हेतु ₹97.37 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र में संतुलित विकास सुनिश्चित करना है, जिससे आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का समुचित विकास हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *