डालनवाला गोलीकांड: व्यवसायिक विवाद में पारिवारिक रंजिश की आशंका, हत्यारों की तलाश तेज

देहरादून,

कोतवाली डालनवाला क्षेत्र में तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े हुई कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।

पुलिस के अनुसार आज सुबह करीब 10:30 बजे सूचना प्राप्त हुई कि तिब्बती मार्केट के समीप एक व्यक्ति को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही डालनवाला कोतवाली से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और घायल को उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। वह जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।

घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का पारिवारिक व्यवसाय को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते मृतक की माता द्वारा उच्च न्यायालय में अपने बेटे से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की गई थी, जिस पर उन्हें सुरक्षा प्रदान की गई थी।

पुलिस के अनुसार स्कूटी सवार दो अज्ञात व्यक्तियों द्वारा वारदात को अंजाम दिया गया है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया है। साथ ही पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *