देहरादून ,
देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचे। वह सुबह करीब 9:55 बजे विशेष विमान से दिल्ली से देहरादून एयरपोर्ट पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे। उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर एयरपोर्ट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
एयरपोर्ट से उपराष्ट्रपति सड़क मार्ग के माध्यम से देहरादून के लिए रवाना हुए। बताया जा रहा है कि उपराष्ट्रपति उत्तराखंड में आयोजित जागरण फोरम कार्यक्रम में शामिल होने आए हैं, जिसका उद्घाटन वे स्वयं करेंगे।
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। उनके प्रवास के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
