देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 4224 श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से ₹12 करोड़ 89 लाख 85 हजार की धनराशि हस्तांतरित की। इस अवसर पर उन्होंने राज्य के 191 कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में श्रमिकों की सहायता के लिए विशेष व्यवस्था का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। श्रमिकों और उनके आश्रितों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक सुरक्षा, सामाजिक संरक्षण और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आजीविका सुदृढ़ करने हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रमों के जरिए श्रमिकों को कौशल विकास से भी जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक राज्य के विकास की सबसे मजबूत नींव हैं और बुनियादी ढांचे के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। सरकार का दायित्व है कि प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले श्रमिकों और उनके परिजनों का भविष्य सुरक्षित हो।
191 सीएससी में शुरू की गई विशेष व्यवस्था से श्रमिकों को अब सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। ब्लॉक, तहसील और गांव स्तर पर ही सीएससी के माध्यम से पंजीकरण, नवीनीकरण और योजनाओं से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कर्मकार बोर्ड द्वारा पिछले छह महीनों में ₹51 करोड़ की धनराशि श्रमिकों और उनके परिजनों के खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है। पूर्व में विकासखंड स्तर पर पंजीकरण/नवीनीकरण और लाभ आवेदन की व्यवस्था भी शुरू की जा चुकी है।
श्रम आयुक्त पी.सी. दुम्का ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में बोर्ड निरंतर श्रमिक हित में कार्य कर रहा है। भविष्य में भी मुख्यमंत्री के विजन—सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि—के अनुरूप कार्य किए जाएंगे।
कार्यक्रम में अध्यक्ष राज्य संविदा श्रम सलाहकार बोर्ड कैलाश पंत, उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त धर्मराज, आईटी एक्सपर्ट दुर्गा चमोली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।