उत्तराखंड में मौसम ने ली करवट, देहरादून में बारिश और ऊँचाई वाले क्षेत्रों में सीज़न की पहली बर्फबारी

देहरादून, 
उत्तराखंड में आज मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद पहाड़ से लेकर मैदान तक मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी देहरादून समेत कई इलाकों में हुई बारिश से ठंडक बढ़ गई है।

पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानों में बारिश
केदारनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में इस सीज़न की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं, यमुनोत्री धाम और यमुना घाटी क्षेत्र में भी मौसम बदला है। यमुनोत्री धाम के आसपास की ऊँची चोटियों पर बर्फबारी और निचले इलाकों में बूंदाबांदी से तापमान में गिरावट आई है।

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार जिलों के कुछ हिस्सों में तेज बारिश और ओलावृष्टि के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। अन्य पाँच जिलों में बारिश और हवाओं के लिए येलो अलर्ट लागू किया गया है।

आठ अक्तूबर तक रहेगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, निम्न दबाव बनने के कारण प्रदेश में 8 अक्तूबर तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
विशेष रूप से 8 अक्तूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी प्रबल आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि बदलते मौसम के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *