सीएम धामी के लाए कानूनों का श्रेय रोकने के लिए विपक्ष रच रहा प्रपंच: भाजपा

देहरादून ,

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने विपक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर फैलाई जा रही अफवाहें और साजिशें ‘नकल जिहाद’ का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा युवाओं के हित में बनाए गए नकल विरोधी कानून का श्रेय विपक्ष नहीं चाहता, इसलिए अराजकता फैलाने की कोशिशें की जा रही हैं।

भट्ट ने कहा कि परीक्षा शुरू होने के आधे घंटे बाद ही जिस तरह का माहौल तैयार किया गया, वह एक सोची-समझी रणनीति है। इससे न केवल परीक्षा की प्रक्रिया पर प्रश्नचिह्न लगाया गया, बल्कि परीक्षा केंद्रों का संचालन करने वाले संस्थानों की छवि धूमिल करने का प्रयास भी हुआ। उन्होंने कहा कि “विकास में बाधक नकल जिहाद को नेस्तानाबूत किया जाएगा। साजिश में शामिल किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”

भट्ट ने विपक्ष पर आरोप लगाया कि वह लगातार लव जिहाद, लैंड जिहाद, थूक जिहाद और समान नागरिक संहिता (UCC) जैसे कानूनों का विरोध करता आया है, ताकि सीएम धामी को इन ऐतिहासिक कदमों का श्रेय न मिले। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार युवाओं को गुमराह करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देगी।

प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी युवाओं के हितैषी हैं और उनके लिए कई निर्णय लिए हैं। उन्होंने नकल विरोधी अभियान पर कहा कि सरकार नियमानुसार कड़ी कार्रवाई कर रही है और युवाओं को न्याय अवश्य मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *