देहरादून,
प्रदेश भाजपा की कार्यशाला में संगठनात्मक मजबूती, सामाजिक योजनाओं के प्रचार-प्रसार और आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर मंथन हुआ।
प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने सक्रिय कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के 13,192 कार्यकर्ताओं में से चयनित सभी कार्यकर्ता 2027 में भाजपा की हैट्रिक के निर्माता होंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार और कार्यशैली में सुधार लाकर वंचितों की सेवा तथा पार्टी के वोट शेयर को बढ़ाने का लक्ष्य तय करना होगा।
प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा ने सामाजिक योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उज्जवला, आयुष्मान, पीएम आवास, हर घर नल से जल और गरीब श्री अन्न जैसी योजनाएं बिना भेदभाव के संचालित हो रही हैं। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति “सबका साथ, सबका विश्वास, सबका विकास और सबके प्रयास” का सशक्त उदाहरण है।
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने मीडिया और सोशल मीडिया पर पार्टी की रणनीति साझा करते हुए कहा कि सकारात्मक संदेशों को आम लोगों तक पहुंचाना और सरकार की योजनाओं का लाभ जनता तक ले जाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नकारात्मक विमर्श को सकारात्मक दिशा में मोड़ने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
इसके अलावा, कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट ने सेवा पखवाड़ा, अनिल गोयल ने नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स और कुलदीप कुमार ने आत्मनिर्भर भारत अभियान विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।