देहरादून ,
केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा का किराया अब महंगा हो गया है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने हेली किराए में 45.86% की बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 15 सितंबर 2025 से शुरू हो रही दूसरे चरण की हेली सेवा पर लागू होंगी।
बुकिंग की प्रक्रिया 10 सितंबर से आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगी।
इस साल 2 मई 2025 को हेली सेवा की शुरुआत हुई थी, लेकिन उत्तरकाशी व केदार घाटी में हेलिकॉप्टर दुर्घटनाओं के चलते सेवा प्रभावित रही और बाद में बंद कर दी गई थी। अब नई एसओपी के तहत सेवा दोबारा शुरू की जा रही है।
गृह सचिव शैलेष बगौली की अध्यक्षता में गठित 10 सदस्यीय समिति ने सुरक्षा और उड़ान मानकों के लिए नई गाइडलाइन तैयार की है। अनुमति मिलने के बाद सेवा का संचालन इन्हीं नियमों के तहत होगा।
यूकाडा के सीईओ आशीष चौहान ने बताया कि गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा से चलने वाली हेली सेवा की शटल उड़ानों और सीटों की संख्या सीमित है। इसलिए किराया बढ़ाने की अनुमति दी गई है।