देहरादुन ,
मौसम विभाग द्वारा जारी रेड और ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को शासन और जिला स्तर के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी 24×7 अलर्ट पर रहें और राहत-बचाव कार्यों को युद्ध स्तर पर संचालित करें।
आपदा प्रभावितों के साथ सरकार भावनात्मक रूप से भी जुड़ी – सीएम
सीएम धामी ने कहा कि भारी वर्षा और आपदाओं से बेघर हुए लोगों के साथ सरकार केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि भावनात्मक और संवेदनात्मक रूप से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि प्रभावितों के दुख को अपना दुख मानकर पुनर्वास कार्यों में पूरी निष्ठा से जुटें।
मार्गों और नदियों पर विशेष सतर्कता
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि
-
भूस्खलन संभावित मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
-
मैदानी क्षेत्रों में जलभराव रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाए जाएं।
-
नदियों के जलस्तर पर दिन और रात दोनों समय निगरानी रखी जाए।
-
खतरा महसूस होने पर तत्काल लोगों को सतर्क कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए।
तमक में बैली ब्रिज जल्द बनेगा
सीएम ने ज्योतिर्मठ-मलारी नेशनल हाईवे पर तमक नाले में बहे पुल की स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि यह पुल सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बीआरओ को जल्द से जल्द बैली ब्रिज बनाने के निर्देश दिए और कहा कि राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी।
गंगोत्री हाईवे और चारधाम यात्रा पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रा प्रारंभ होने से पहले गंगोत्री हाईवे को सुरक्षित और दुरुस्त किया जाए। बरसात समाप्त होने के बाद सभी सड़कों पर पेचवर्क और नई सड़क निर्माण का कार्य तत्काल शुरू हो।
हर्षिल व स्यानाचट्टी में रिवर चैनलाइजेशन जरूरी
सीएम ने उत्तरकाशी के हर्षिल और स्यानाचट्टी में बनी झीलों की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि:
-
झील के जलस्तर को नियंत्रित करने और जल निकासी की व्यवस्था की जाए।
-
प्रभावित गांवों में बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो।
-
मलबा हटाकर सुरक्षित स्थानों पर मड डिस्पोजल साइट्स बनाई जाएं।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में सचिव गृह शैलेश बगौली, सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, अपर सचिव आनंद स्वरूप, डीआईजी राजकुमार नेगी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव लोनिवि पंकज कुमार पांडेय, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, मंडलायुक्त विनय शंकर पांडेय व दीपक रावत वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
मौसम विभाग का अलर्ट
-
01 सितंबर 2025: देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में रेड अलर्ट, जबकि अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट।
-
02 सितंबर 2025: देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट।