देहरादून,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून नगर निगम क्षेत्र के केदारपुरम में आधुनिक योगा पार्क और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने एआई चैटबॉट ‘निगम सारथी’ लॉन्च किया और नगर निगम की हरित नीति का अनावरण किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा रोपा, जो नगर निगम क्षेत्र में इस वर्ष रोपा गया एक लाखवां पौधा है। उन्होंने स्वच्छता सम्मान सेनानियों और कर निरीक्षकों को सम्मानित किया तथा नशा मुक्ति के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई।
सीएम धामी ने कहा कि योगा पार्क स्वास्थ्य, खुशहाली और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अहम पहल है, जो राजधानी में फिटनेस और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड को योग और अध्यात्म की वैश्विक राजधानी बनाने के उद्देश्य से राज्य में देश की पहली ‘योग नीति’ लागू की गई है। इसके तहत गढ़वाल और कुमाऊं में एक-एक “स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन” की स्थापना की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून के समग्र विकास के लिए लगभग 1,400 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम चल रहा है।