देहरादून ,
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य मीडिया समन्वयक राजीव महर्षि ने प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों का समर्थन करने वाले सभी मतदाताओं, नागरिकों, निर्वाचन में लगे कार्मिकों और तमाम पार्टी कार्यकर्ताओं का शांतिपूर्वक निर्वाचन संपन्न करवाने पर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में जनता ने उत्साह से मतदान किया निश्चित रूप से प्रदेश की पांचों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी परचम लहरायेंगें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की जनता के व्यापक हित में क्षेत्रीय, प्रादेशिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों को पूरे चुनाव अभियान में विमर्श के केंद्र में रख कर लोगों को जागरूक किया और खासकर उत्तराखंड की अस्मिता से हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ मुखरता से बात उठाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भविष्य में भी उत्तराखंड की अस्मिता की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष जारी रखेगी और जनता के हितों के लिए व्यापक स्तर पर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि तमाम अवरोधों के बावजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिस मुस्तैदी के साथ सत्तारूढ़ दल के कुप्रचार और जनता को भ्रमित करने के अभियान के विरुद्ध लोहा लिया, वह बेहद उत्साहजनक रहा है। उन्होंने कहा कि प्रचार के दौरान कांग्रेस ने स्थानीय मुददों को उजागर किया और जनता को इसके लिए जागरूक करने का काम किया। उन्होंने प्रदेश की सभी सीटों पर कांग्रेस को आशीर्वाद देने वाले मतदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि जनहित के हर मुद्दे पर कांग्रेस हमेशा जनता जनार्दन के साथ खड़ी होगी।