नगर निगम कर्मचारी संघ की विधायक महेश जीना को गिरफ्तार करने की मांग – uttarakhandawaaz.in

नगर निगम कर्मचारी संघ की विधायक महेश जीना को गिरफ्तार करने की मांग

नगर आयुक्त और कर्मचारियों के साथ विधायक की बदसलूकी का मामला
देहरादून ,

सत्ता पक्ष के विधायक महेश जीना की हनक आम जनता पर भारी पड़ती दिख रही है। नगर आयुक्त और कर्मचारियों के साथ विधायक की ओर से की गई बदसलूकी और गाली गलौच से निगम के कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया है। नगर निगम कर्मचारी संघ ने विधायक महेश जीना के व्यवहार पर कड़ा रोष जताते हुए गिरफ्तारी की मांग को लेकर नगर निगम में जमकर प्रदर्शन किया। यहां बीते रोज भाजपा विधायक महेश जीना किसी टैंडर प्रक्रिया को लेकर नगर निगम पहंुचे और पहले उनकी निगम में कार्यरत एक बाबू से नोंक-झोंक हुई और वहां पर उन्होंने उस बाबू के साथ बदसलूकी की और बाद में नगर आयुक्त गौरव कुमार से मिले, वहां पर उनकी नगर आयुक्त से बहस हो गई और उन्होंने बदसलूकी की जिसके बाद निगम कर्मचारियों ने सत्ता पक्ष के विधायक की बदसलूकी पर कार्य बहिष्कार करते हुए हड़ताल शुरू कर दी और यह हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही और कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर सभी कामकाज पूरी तरह से ठप्प कर दिये जिससे लोगों को हाउस टैक्स भरने एवं अन्य कार्य करने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस अवसर पर कर्मचारी नेता नाम बहादुर ने कहा कि भाजपा विधायक की ओर से इस प्रकार से कर्मचारियों और नगर आयुक्त के साथ बदसलूकी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सत्ता की हनक में उन्होंने यह सब कार्य किया है, लेकिन अब निगम के कर्मचारी चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि जब तक विधायक सार्वजनिक रूप से अपने इस व्यवहार के लिए माफी नहीं मांगते और विधायक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है तब तक नगर निगम के सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि विधायक की तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लेकर कमेटी गठित कर दी है और कर्मचारियों ने कूड़ा उठान कार्य ठप्प कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *