उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष ने उठाई जांच की मांग
देहरादून ,
उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष बाॅबी पंवार ने कहा है कि उत्तराखंड प्रदेश में सशक्त भू कानून न होने के कारण पिछले वर्ष मार्च 2022 को गुलाम हैदर नामक व्यक्ति ने खुद को उत्तराखंड मूल का बताते हुए जौनसार बावर के कालसी ब्लॉक में विकास नहरी के पास कृषि व बागवानी के नाम पर जमीन खरीदी है। आज परेड ग्राउंड स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जब इस मामले की परतें खुली तो शिकायतकर्ता द्वारा उप जिलाधिकारी कालसी को प्रार्थना पत्र प्रेषित कर अवगत कराया कि उक्त व्यक्ति उत्तराखंड का निवासी नहीं है, और 12 सितंबर 2003 से पूर्व उक्त व्यक्ति के परिवार के पास उत्तराखंड में कोई कृषि भूमि अभिलेख में दर्ज नहीं है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता को सूचना के अधिकार से प्राप्त सूचना में यह तथ्य सामने आता है, कि उक्त व्यक्ति जम्मू कश्मीर पुलिस से सेवानिवृत हुआ है, और उक्त व्यक्ति कश्मीर का एक जनजाति प्राप्त व्यक्ति है। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति आतंकी गतिविधियों में सम्मिलित होने के कारण पुलिस से बर्खास्त भी रहा है और इसके बाद जब प्रकरण में जांच हुई तो राजस्व निरीक्षक द्वारा स्पष्ट रूप से यह कहा गया कि उक्त व्यक्ति ने जमीदार विनाश अधिनियम का घोर उल्लंघन किया है और उक्त भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाना न्यायोचित है। उन्होंने बताया कि इसके बाद फिर तहसीलदार द्वारा उक्त रिपोर्ट पर कोई कार्रवाई न होने के कारण उनका स्पष्टीकरण होते हुए 24 जून 2023 में जिलाधिकारी ने जांच उप जिलाधिकारी कालसी को दी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के लगभग सात माह के पश्चात जब समाचार पत्रों में यह मामला आया तो उप जिलाधिकारी कालसी ने आनन-फानन में जम्मू कश्मीर निवासी के पक्ष में आदेश करते हुए कहा कि गुलाम हैदर की शिक्षा उत्तराखंड में हुई है, और उक्त व्यक्ति के भाई के नाम वन विभाग से एक साल के लिए आवासीय लीज जो कि सन् 1970 में ही काल बाधित हो गई थी। उन्होंने इसकी जांच की मांग की है और दोषियों पर कार्यवाही करने की भी मांग की है। इस अवसर पर वार्ता में कई बेरोजगार शामिल रहे।
