नशे की लत ने धकेला अपराध की राह पर — सफेद स्कूटी का शौकीन शातिर चोर गिरफ्तार – uttarakhandawaaz.in

नशे की लत ने धकेला अपराध की राह पर — सफेद स्कूटी का शौकीन शातिर चोर गिरफ्तार

देहरादून

देहरादून पुलिस ने नशे के आदी एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन स्कूटियां बरामद की हैं। अभियुक्त की पहचान सूरज भंडारी (28) पुत्र शिव चरण सिंह भंडारी, निवासी शक्ति विहार, रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त को सफेद रंग की स्कूटियों का शौक है और इसी कारण वह अधिकतर सफेद रंग की स्कूटियों को ही चोरी का निशाना बनाता था।

थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र निवासी वादी वीरेंद्र सिंह पुंडीर ने अपनी स्कूटी हीरो शोरूम के बाहर से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए ट्यूलिप फार्म के पास चेकिंग के दौरान सूरज भंडारी को चोरी की स्कूटी संख्या UK07AZ 4388 के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए ही उसने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। उसने स्वीकार किया कि उसने नेहरू कॉलोनी और डालनवाला क्षेत्र से दो अन्य स्कूटियां भी चोरी की थीं, जिन्हें उसकी निशानदेही पर पारिजात एंक्लेव के पास झाड़ियों से बरामद कर लिया गया। अभियुक्त ने चोरी की स्कूटियों को ओएलएक्स के माध्यम से बेचने का भी प्रयास किया था।

बरामदगी का विवरण:

  • स्कूटी एक्टिवा (संख्या UK07AZ4388)

  • स्कूटी एक्टिवा (संख्या UK07DS8115)

  • स्कूटी सुजुकी (संख्या UK07FS1623)

पुलिस के अनुसार सूरज भंडारी पूर्व में भी वाहन चोरी के मामलों में रायपुर थाना क्षेत्र से जेल जा चुका है। उसका आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *