राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में होगा ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण – uttarakhandawaaz.in

राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में होगा ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सभी जनपदों का दौरा कर पुलिसकर्मियों को दिलाएंगे राष्ट्रीय एकता की शपथ, साइबर धोखाधड़ी और नशे के खिलाफ चलाएंगे जागरूकता अभियान

देहरादून ,

राष्ट्रीय एकता दिवस (31 अक्टूबर 2026) के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेगी। गुजरात के एकता नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित होने वाली ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में किया जाएगा। इसके माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता का संदेश प्रदेश के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर तराई के सीमांत इलाकों तक पहुंचाया जाएगा।

पुलिस मुख्यालय की ओर से कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को विभिन्न जनपदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी संबंधित जनपदों में पहुंचकर पुलिस लाइन्स में आयोजित परेड में प्रतिभाग करेंगे और पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाएंगे। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों के सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे।

वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई जनपदों की जिम्मेदारी

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, एडीजी वी. मुरुगेशन को देहरादून, एडीजी ए.पी. अंशुमान को नैनीताल, आईजी विम्मी सचदेवा को हरिद्वार और आईजी रिधिम अग्रवाल को देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है।

इसी क्रम में आईजी कृष्ण कुमार वीके को ऊधमसिंह नगर, आईजी नीलेश आनंद भरणे को पौड़ी गढ़वाल, आईजी राजीव स्वरूप को टिहरी गढ़वाल, आईजी अनन्त शंकर ताकवाले को अल्मोड़ा, आईजी सुनील कुमार मीणा को उत्तरकाशी, आईजी योगेन्द्र सिंह रावत को चम्पावत, आईजी बरिन्दरजीत सिंह को रुद्रप्रयाग, डीआईजी धीरेन्द्र गुंज्याल को चमोली तथा डीआईजी यशवन्त सिंह को पिथौरागढ़ जनपद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शाम 5:30 बजे होगा एकता परेड का सीधा प्रसारण

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के अनुसार, 31 अक्टूबर को शाम 5:30 बजे प्रदेश के सभी पुलिस थानों में स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों और युवाओं की उपस्थिति में गुजरात के एकता नगर में आयोजित ‘एकता परेड-2026’ का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।

कार्यक्रम में स्थानीय जनसमुदाय, प्रबुद्ध नागरिकों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना है।

साइबर अपराध और नशे के खिलाफ जनसंवाद

एकता परेड के प्रसारण के बाद पुलिस थानों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें पुलिस और आमजन के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता पर चर्चा होगी।

पुलिस अधिकारियों द्वारा आम नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें साइबर ठगी से बचाव के उपायों तथा नशे के खिलाफ जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

मीडिया सेल, पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *