देहरादून ,
देहरादून पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल और ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी हाकम सिंह और उसके सहयोगी पंकज गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों पर अभ्यर्थियों को परीक्षा में पास कराने का प्रलोभन देकर 12 से 15 लाख रुपये तक की मांग करने का आरोप है। जांच में सामने आया कि यदि कोई अभ्यर्थी स्वयं चयनित हो जाता, तो आरोपी पूरी रकम हड़प लेते, जबकि असफल अभ्यर्थियों को आगे की परीक्षा में एडजस्ट करने का झांसा दिया जाता।
पुलिस को दो दिन पहले इस गिरोह की गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। गोपनीय जांच और सर्विलांस के बाद पटेल नगर क्षेत्र से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इनके खिलाफ उत्तराखण्ड प्रतियोगी परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम एवं उपाय) अध्यादेश 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता भंग होने का कोई प्रमाण नहीं मिला है।