देहरादून ,
उत्तराखंड में राशन कार्ड धारकों के लिए जरूरी सूचना है। राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी कराने के लिए 15 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है। निर्धारित समय सीमा तक ई-केवाईसी नहीं कराने पर शासन के निर्देशों के अनुसार संबंधित राशन कार्ड या यूनिट निरस्त की जा सकती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को समय रहते यह प्रक्रिया पूरी कराने की सलाह दी गई है।
15 नवंबर तक ई-केवाईसी कराना अनिवार्य
जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने बताया कि जनपद के सभी राशन कार्ड धारकों को अपने कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी निर्धारित तिथि तक पूरी करानी होगी। इसके लिए उपभोक्ताओं को अंतिम अवसर दिया गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय सीमा तक सभी सदस्यों की ई-केवाईसी पूरी नहीं होने पर संबंधित राशन कार्ड या यूनिट निरस्त की जा सकती है। इसकी जिम्मेदारी संबंधित राशन कार्ड धारक की होगी।
राशन कार्ड की ई-केवाईसी कहां और कैसे कराएं?
राशन कार्ड धारक अपने परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी दो तरीकों से पूरी कर सकते हैं।
-
सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर: उत्तराखंड में किसी भी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर उपलब्ध ई-पॉस मशीन के माध्यम से ई-केवाईसी कराई जा सकती है।
-
मोबाइल ऐप के जरिए: उपभोक्ता ‘मेरा ई-केवाईसी’ मोबाइल ऐप का उपयोग करके भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
अंतिम तारीख का इंतजार न करें उपभोक्ता
जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अपने राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य की ई-केवाईसी समय पर पूरी करा लें। इससे भविष्य में राशन कार्ड या यूनिट निरस्त होने जैसी परेशानी से बचा जा सकेगा।
महत्वपूर्ण तारीख: 15 नवंबर 2026। राशन कार्ड धारक अपने परिवार के सभी सदस्यों की ई-केवाईसी निर्धारित समय सीमा के भीतर अवश्य पूरी कराएं।
