900 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, 23 पूर्व आरोपियों का भी किया भौतिक सत्यापन
देहरादून ,
अपराधों की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से दून पुलिस ने पटेलनगर और रायपुर थाना क्षेत्रों में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान 900 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया गया। वहीं, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने सहित अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 66 भवन स्वामियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 6.60 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने पूर्व में आपराधिक घटनाओं में संलिप्त रहे और जमानत पर चल रहे 23 आरोपियों का भी भौतिक सत्यापन किया। पुलिस ने सभी को चेतावनी दी कि यदि वे दोबारा किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे 30 व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस ने उनकी पहचान और पृष्ठभूमि से संबंधित जानकारी की जांच की, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।
एसएसपी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने, किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
दून पुलिस के अनुसार, अपराधों पर अंकुश लगाने और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
