डॉ. जी. रामालक्ष्मी ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित
देहरादून ,
श्री गुरु राम राय कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शुक्रवार को नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें नर्सिंग के क्षेत्र में सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण के महत्व से परिचित कराया गया। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने सभी नवप्रवेशी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अतिथियों ने किया कार्यक्रम का शुभारंभ
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति विपिन चन्द्र घिल्डियाल, कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी, आईक्यूएसी सेल की निदेशक डॉ. सोनिया गंभीर, आईक्यूएसी के डिप्टी डायरेक्टर डॉ. अरुण कुमार और कॉलेज ऑफ नर्सिंग की डीन डॉ. जी. रामालक्ष्मी ने किया।
इस अवसर पर डॉ. जी. रामालक्ष्मी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा, मानवीय संवेदनाओं और समर्पण से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अनुशासन बनाए रखने और मरीजों की सेवा के प्रति संवेदनशील रहने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे भविष्य में एक कुशल और जिम्मेदार नर्सिंग पेशेवर बन सकें।
नर्सिंग पाठ्यक्रमों और शैक्षणिक व्यवस्था की दी जानकारी
इंडक्शन प्रोग्राम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों को एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग, बीएससी नर्सिंग, जीएनएम और एएनएम पाठ्यक्रमों के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्हें कॉलेज एवं विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध अवसरों और अध्ययन से जुड़ी गतिविधियों से भी परिचित कराया गया।
सीनियर विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में सीनियर विद्यार्थियों ने शानदार नृत्य और गीतों की प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में उत्तराखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति और परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली।
गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम ने नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं को कॉलेज के वातावरण से जुड़ने, नए साथियों के साथ परिचय बढ़ाने और अपनी शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत उत्साहपूर्वक करने का अवसर प्रदान किया।