पुलिस-अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने PG व हॉस्टल में किया फायर सेफ्टी ऑडिट, किरायेदारों के सत्यापन की भी जांच
देहरादून ,
एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर दून पुलिस ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभियान चलाया। अभियान के तहत पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमों ने पीजी, हॉस्टल एवं अन्य प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों के सत्यापन की कार्रवाई भी की गई।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकासी व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इसके अलावा प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और किरायेदारों का नियमानुसार सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए।
अभियान के दौरान किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले 12 प्रतिष्ठान स्वामियों के विरुद्ध धारा 83 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालान की कार्रवाई की गई। इनसे कुल 1,20,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पुलिस ने प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फायर सेफ्टी मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही गई है।