सहस्त्रधारा में 50 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पति-पत्नी समेत तीन घायल – uttarakhandawaaz.in

सहस्त्रधारा में 50 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पति-पत्नी समेत तीन घायल

एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान, खाई से सुरक्षित निकालकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया

देहरादून ,

सहस्त्रधारा क्षेत्र में शनिवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 50 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया और तीनों घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।

जानकारी के अनुसार, डायल-112 के माध्यम से थाना राजपुर क्षेत्र के सहस्त्रधारा में कार के खाई में गिरने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट सहस्त्रधारा से अपर उप निरीक्षक मनोज जोशी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर एसडीआरएफ टीम ने पाया कि कार सड़क से लगभग 50 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरी थी। वाहन में तीन लोग सवार थे। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए, जबकि एक महिला को भी चोटें आई थीं। दुर्गम और गहरी खाई होने के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण था।

एसडीआरएफ जवानों ने बिना समय गंवाए खाई में उतरकर घायलों तक पहुंच बनाई। आवश्यक सुरक्षा उपायों के साथ तीनों घायलों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस सेवा की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए दून अस्पताल, देहरादून भेजा गया।

घायलों की पहचान मोहन सिंह रावत निवासी दो बच्ची रोड, देहरादून, उनकी पत्नी रिंकी रावत तथा अमर बहादुर थापा निवासी भाऊवाला के रूप में हुई है। हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *