कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने हरिद्वार में की उच्चस्तरीय समीक्षा – uttarakhandawaaz.in

कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने हरिद्वार में की उच्चस्तरीय समीक्षा

सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों पर जोर, मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर लिया व्यवस्थाओं का जायजा

हरिद्वार ,

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर उत्तराखंड पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 18 सितंबर 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था, उत्तराखंड डॉ. वी. मुरुगेशन हरिद्वार पहुंचे और सीसीआर स्थित सभागार में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर मेला क्षेत्र की प्रारंभिक तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

बैठक में पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल सहित पुलिस एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

सर्वप्रथम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला-2027 हरिद्वार द्वारा अब तक की गई तैयारियों और आगामी कार्ययोजना को लेकर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी गई।

इसके बाद एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने कुंभ मेला-2027 की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीक के उपयोग तथा पुलिस बल की चरणबद्ध तैनाती समेत विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की।

एडीजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेले की तैयारियों को ठोस एवं प्रभावी कार्ययोजना के अनुरूप आगे बढ़ाया जाए और सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला विश्व का प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन है। इसे निर्विघ्न एवं सकुशल संपन्न कराना तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाओं के साथ त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना उत्तराखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने जोन, सेक्टर एवं अन्य पुलिस व्यवस्थाओं के निर्धारण, आवश्यक पुलिस बल की उपलब्धता तथा चरणबद्ध तैनाती को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही मेला क्षेत्र में प्रभावी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों और सीमावर्ती जनपदों के साथ बेहतर आपसी समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

मेला क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण

समीक्षा बैठक के बाद अपर पुलिस महानिदेशक ने उपस्थित अधिकारियों के साथ कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं का मौके पर निरीक्षण कर तैयारियों की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एटीसी पहुंचकर प्रशिक्षण ले रहे जवानों से हुए रूबरू

इसके पश्चात एडीजी एटीसी पहुंचे, जहां उन्होंने कुंभ मेला ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों के प्रशिक्षण की प्रगति एवं उनकी तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान प्रशिक्षित स्टाफ एवं संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा करते हुए व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।

मीडिया सेल
पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *