देहरादून ,
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने शुक्रवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) मेहूवाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, टीकाकरण एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने चिकित्सालय प्रबंधन को स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि अस्पताल के प्रबंधन के साथ-साथ क्षेत्रीय भ्रमण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि सप्ताह में कम से कम एक बार फील्ड में जाकर स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन का अनुश्रवण एवं समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
डॉ. शर्मा ने चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए साफ-सफाई को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना आवश्यक है।
टीकाकरण गतिविधियों की समीक्षा के दौरान संज्ञान में आया कि एएनएम द्वारा एचपीवी टीकाकरण का कार्य नहीं किया जा रहा है। इस पर सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को संबंधित कर्मी के खिलाफ तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पीएचसी में वर्तमान में प्रसव सेवाएं बंद होने पर भी सीएमओ ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को आगामी 15 दिनों के भीतर प्रसव सेवाएं अनिवार्य रूप से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए अनावश्यक रूप से अन्य स्वास्थ्य केंद्रों का रुख न करना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि आमजन को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा, चिकित्सालय के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।