24.29 लाख से अधिक नोटिसों पर सुनवाई पूरी, DSE/PSE मॉड्यूल से चिन्हित होंगे समान नाम व फोटो वाले मतदाता
देहरादून ,
उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में SIR की प्रगति, दावे-आपत्तियों की सुनवाई तथा आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि को आगे बढ़ाकर 3 अक्टूबर 2026 निर्धारित कर दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 24 लाख 30 हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से 24 लाख 29 हजार से अधिक नोटिसों पर सुनवाई पूरी की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के मामलों में भी 40 प्रतिशत से अधिक की सुनवाई पूरी हो चुकी है। निर्वाचन विभाग द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई लगातार की जा रही है।
DSE/PSE मॉड्यूल से होगी समान प्रविष्टियों की पहचान
बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तराखंड में डेमोग्राफिक सिमिलर एंट्री (DSE) और फोटो सिमिलर एंट्री (PSE) मॉड्यूल लागू किया जाएगा। इसके माध्यम से मतदाता सूची में समान अथवा मिलते-जुलते नाम, विवरण और फोटो वाले मतदाताओं की पहचान की जाएगी।
DSE/PSE मॉड्यूल के तहत चिन्हित किए जाने वाले मतदाताओं को नोटिस जारी किया जाएगा। संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने और आवश्यक जवाब एवं दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा। प्राप्त जवाब और दस्तावेजों के परीक्षण के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से राजकुमार पुरोहित और एडवोकेट सतेंद्र जैन, इंडियन नेशनल कांग्रेस से मनोज रावत, बहुजन समाज पार्टी से सतेंद्र चोपड़ा एवं भीमराव, आम आदमी पार्टी से श्याम बाबू पांडेय तथा सीपीआई (एम) से अनंत आकाश ने बैठक में प्रतिभाग किया।