फ्लाइंग कार बनाने वाले युवा नवोन्मेषक रवि टमटा ने सीएम धामी से की मुलाकात, स्टार्टअप को मिलेगा सरकारी सहयोग

देहरादून ,

फ्लाइंग कार बनाने वाले युवा नवोन्मेषक एवं स्टार्टअप उद्यमी रवि टमटा ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपने फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट के तकनीकी नवाचार, अब तक की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री धामी ने रवि टमटा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा, तकनीकी क्षमता और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार ऐसे युवाओं को उनके नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को धरातल पर उतारने के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सचिव उद्योग को रवि टमटा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से राज्य की स्टार्टअप एवं औद्योगिक नीतियों के तहत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने की संभावनाओं का परीक्षण करने और आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग करने को कहा।

सीएम धामी ने कहा कि वर्तमान दौर तकनीक और नवाचार का है। उत्तराखंड के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, एयरोस्पेस सहित आधुनिक तकनीक के विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे नवाचार रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे सकते हैं।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य होने के कारण उत्तराखंड में नई तकनीकों के प्रयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। भविष्य में तकनीक आधारित परिवहन व्यवस्था दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। हालांकि, ऐसे प्रोजेक्ट्स में तकनीकी, सुरक्षा और नियामकीय मानकों का पालन जरूरी होगा।

रवि टमटा ने मुख्यमंत्री को अपने फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है और भविष्य में इसे और विकसित करने के प्रयास जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “नया उत्तराखंड” केवल विकास परियोजनाओं से नहीं, बल्कि युवाओं के नए विचारों, नवाचार और उद्यमिता से भी बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी प्रतिभाशाली युवा संसाधनों के अभाव में अपने सपने को अधूरा न छोड़े।

मुख्यमंत्री ने रवि टमटा के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि उत्तराखंड को स्टार्टअप एवं इनोवेशन के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *