लोक भवन में राज्यपाल को बांधी राखी, देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों ने बांधा समां

ब्रह्माकुमारी बहनों और विभिन्न स्कूलों की छात्राओं ने राज्यपाल गुरमीत सिंह को बांधा रक्षा सूत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दिया राष्ट्र और समाज सेवा का संदेश

देहरादून ,

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर राजधानी स्थित उत्तराखंड लोक भवन में आत्मीयता और देशभक्ति से भरा कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। राज्यपाल ने सभी बहनों का आभार व्यक्त करते हुए रक्षाबंधन को प्रेम, विश्वास और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक बताया।

इसी क्रम में सेपियंस स्कूल विकासनगर, हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स उत्तराखंड, समर वैली स्कूल देहरादून तथा देवभूमि इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल हरिद्वार की छात्राओं ने भी राज्यपाल को राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने सभी छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।

देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बढ़ाया कार्यक्रम का आकर्षण

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स उत्तराखंड तथा समर वैली स्कूल देहरादून के विद्यार्थियों ने देशभक्ति समूह नृत्य प्रस्तुत किया। वहीं एसओएस चिल्ड्रन विलेज के बच्चों की ओर से प्रस्तुत ‘राम आएंगे’ गीत ने कार्यक्रम में आध्यात्मिक और भावनात्मक रंग भर दिया।

सेपियंस स्कूल विकासनगर के विद्यार्थियों ने ‘रक्षा बंधन—राष्ट्र के प्रत्येक रक्षक का सम्मान’ विषय पर लघु नाटिका प्रस्तुत की। इसके माध्यम से देश की सुरक्षा में योगदान देने वाले वीर जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का संदेश दिया गया।

वहीं देवभूमि इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल हरिद्वार के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।

रक्षाबंधन सुरक्षा, विश्वास और जिम्मेदारी का पर्व

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने छात्राओं और बच्चों से संवाद करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित पर्व नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा, विश्वास, जिम्मेदारी और परस्पर सम्मान की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है।

उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों से लेकर समाज और परिवार की सुरक्षा एवं कल्याण में योगदान देने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करना रक्षाबंधन की भावना को और व्यापक बनाता है।

राज्यपाल ने कहा कि बच्चों की देशभक्ति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी प्रस्तुतियां यह संदेश देती हैं कि नई पीढ़ी को संस्कारों के साथ राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में शामिल सभी बहनों और छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए राज्यपाल ने कहा कि उनके स्नेह और शुभकामनाओं ने रक्षाबंधन पर्व की आत्मीयता को और बढ़ाया है। इस अवसर पर छात्राओं को राज्यपाल की ओर से स्मृति-चिह्न भी भेंट किए गए।

कार्यक्रम में लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा संबंधित विद्यालयों के शिक्षक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *