नई दिल्ली / उत्तराखंड,
उत्तराखंड के कर्मचारियों, युवाओं और बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में चार प्रमुख प्रतिनिधिमंडलों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी से नई दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडलों में राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा, उपनल कर्मचारी संघ, नर्सिंग कर्मचारी संगठन और उत्तराखंड बेरोजगार संघ के सदस्य शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने राहुल गांधी के समक्ष पुरानी पेंशन बहाली, उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण एवं सेवा संबंधी समस्याओं, नर्सिंग कर्मचारियों की मांगों तथा युवाओं और बेरोजगारों से जुड़े रोजगार एवं भर्ती के मुद्दे विस्तार से रखे।
राहुल गांधी ने सभी प्रतिनिधिमंडलों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने कहा कि इन विषयों का विस्तृत अध्ययन कराया जाएगा और कर्मचारियों, युवाओं तथा बेरोजगारों से संबंधित महत्वपूर्ण मांगों को कांग्रेस के आगामी घोषणा-पत्र में शामिल करने की दिशा में पार्टी स्तर पर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली, उपनल कर्मचारियों के नियमितीकरण, नर्सिंग कर्मचारियों की समस्याओं और बेरोजगार युवाओं के रोजगार एवं भर्ती संबंधी मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन किया जा रहा है। ऐसे में राहुल गांधी द्वारा इन मुद्दों को गंभीरता से सुना जाना उत्तराखंड के कर्मचारियों और युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल है।
प्रतिनिधिमंडलों ने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस इन मांगों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएगी और आगामी कांग्रेस घोषणा-पत्र में उत्तराखंड के कर्मचारियों, युवाओं एवं बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों को उचित स्थान मिलेगा।