देहरादून ,
दून शहर में सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों, पैथोलाॅजी लैबों में खुली लूट के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। यहां भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय में इकटठा हुए और वहां पर अपनी मांगों के समाधान के लिए प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रदर्शन के बाद भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी सोनिका से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही किये जाने की मांग की है। इस अवसर पर ज्ञापन में कहा है कि महानगर के अंदर विगत कुछ वर्षों में कुकरमुत्तों की तरह अस्पताल खुले है जोकि कोई मानक पूरे नहीं करते हैं और न ही वहां पर मूलभूत सुविधायें उपलब्ध हैं तथा अपेन आपको सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के नाम पर आये हुए मरीजों का शारीरिक एवं वित्तीय शोषण करते हैं वहीं हर मरीज को अस्पतालों में महंगें टेस्टों के लिए मजबूर किया जाता है जो चिंता का विषय है। इस अवसर पर ज्ञापन में कहा गया है कि पैथोलाॅजी लैबों द्वारा टेस्ट के नाम पर मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है। पैथालाॅजी लैबों में किसी भी मरीज की रिपोर्ट एक पैथोलाॅजी लैब से कुछ आती है और दूसरे लैब में वही रिपोर्ट अलग हो जाती है जो संशय उत्पन्न करती है। इस अवसर पर अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।