देहरादून ,
NEET परीक्षा और छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर भाजपा ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राहुल गांधी को संसद में चर्चा से भागने के बजाय छात्रों से जुड़े मुद्दों पर बहस में शामिल होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस दोहरी राजनीति के जरिए देश का माहौल खराब करने का प्रयास कर रही है।
सुबोध उनियाल ने कहा कि राहुल गांधी ने पहले NEET के मुद्दे पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए संसद में गतिरोध पैदा किया था। अब जब सरकार चर्चा के लिए तैयार है तो राहुल गांधी इससे पीछे हट रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों से जुड़े हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है और लोकतंत्र में समस्याओं का समाधान चर्चा एवं संवाद के जरिए ही होना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि NEET परीक्षा से जुड़े मामले को सरकार ने गंभीरता से लिया। परीक्षा दोबारा कराई गई, परिणाम जारी किया गया और नकल रोकने के लिए कठोर कानून भी बनाया गया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने पहले ही नकल विरोधी सख्त कानून बनाकर देश के सामने उदाहरण पेश किया है।
उनियाल ने राहुल गांधी पर छात्रों को उकसाने और प्रधानमंत्री समेत अन्य नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप भी लगाया। उन्होंने दिल्ली में छात्र आंदोलन को लेकर राहुल गांधी के कथित बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर बैठे व्यक्ति को तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।
झारखंड का जिक्र कर कांग्रेस पर साधा निशाना
सुबोध उनियाल ने झारखंड का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वहां छात्रों के आंदोलन को लेकर कांग्रेस की चुप्पी उसके कथित दोहरे चरित्र को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक परंपराओं और संसद में सार्थक चर्चा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। कांग्रेस को भी आरोप-प्रत्यारोप के बजाय सदन में चर्चा में शामिल होकर छात्रों से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखनी चाहिए।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी और प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन मौजूद रहे।