देहरादून में गूंजा तिरंगे का सम्मान, मुख्यमंत्री धामी ने हजारों लोगों के साथ निकाली ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ – uttarakhandawaaz.in

देहरादून में गूंजा तिरंगे का सम्मान, मुख्यमंत्री धामी ने हजारों लोगों के साथ निकाली ‘हर घर तिरंगा यात्रा’

देहरादून ,

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को राजधानी देहरादून में ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। गांधी पार्क से घंटाघर तक निकाली गई इस यात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों लोगों के साथ प्रतिभाग किया। इस दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में नजर आया और लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इन्द्रमणि बडोनी तथा भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और तिरंगा करोड़ों भारतवासियों के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को सदैव प्रज्वलित रखने का आह्वान किया।

‘भारत महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ रहा है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से देश आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का मनोबल भी मजबूत हुआ है और सर्जिकल स्ट्राइक तथा ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने दुनिया को अपनी सामरिक शक्ति का परिचय कराया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

विकास और अर्थव्यवस्था को लेकर गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। उत्तराखंड में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 30 से अधिक क्षेत्रों में विशिष्ट नीतियों के माध्यम से विकास का रोडमैप तैयार किया गया है।

धामी के अनुसार, पिछले एक वर्ष में उत्तराखंड की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि राज्य की प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने और स्टार्टअप की संख्या 1,750 से अधिक पहुंचने का भी उन्होंने दावा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है और सतत विकास लक्ष्यों को पूरा करने में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

अतिक्रमण, नकल और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में बिना धांधली के 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं।

उन्होंने युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं बल्कि रोजगार देने वाला बनाने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा देने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि के मूल स्वरूप के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने राज्य में लागू धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून और समान नागरिक संहिता सहित सरकार की विभिन्न नीतियों का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी व सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली, सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *