मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न विकास योजनाओं के लिए ₹90 करोड़ से अधिक की धनराशि मंजूर, कुंभ 2027 और मंदिर विकास को मिली गति

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के बुनियादी ढांचे, धार्मिक पर्यटन, कुंभ मेला-2027, ग्रामीण विकास तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लिए ₹90 करोड़ से अधिक की धनराशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने राज्य सेक्टर एवं नाबार्ड वित्तपोषित योजनाओं के साथ-साथ धार्मिक स्थलों के विकास, सीवरेज परियोजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को भी मंजूरी प्रदान की।

मुख्यमंत्री ने राज्य सेक्टर के अंतर्गत राजधानी देहरादून के गढ़ी कैंट स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर-डाकरा कैंट क्षेत्र में 8 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र (एसटीपी) के निर्माण हेतु भूमि क्रय के लिए ₹6.62 करोड़ स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा नाबार्ड की वित्तपोषित 21 विकास योजनाओं के लिए ₹41.37 करोड़ की धनराशि मंजूर की गई है।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए मुख्यमंत्री ने बल्ली बैरिकेडिंग, चक्रव्यूह बैरियर तथा अस्थायी फायर वॉच टावरों की स्थापना के लिए ₹5.46 करोड़ तथा आठ अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण हेतु ₹6.85 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की है।

धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के तहत अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट स्थित सुकेश्वर महादेव मंदिर के मरम्मत कार्यों के लिए ₹1.24 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जिसमें प्रथम किस्त के रूप में ₹74.83 लाख जारी किए जाएंगे। वहीं सेराघाट स्थित माँ मंगला भगवती माता मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण के लिए ₹72.83 लाख मंजूर किए गए हैं।

इसी क्रम में पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट विकासखंड की ग्राम पंचायत भौड़ी स्थित बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा दीवार एवं धर्मशाला निर्माण के लिए ₹22 लाख स्वीकृत किए गए हैं।

ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दरऊ में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क एवं तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के भूतपूर्व सैनिकों के इंजीनियरिंग, मेडिकल एवं पीएचडी की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति भुगतान के लिए कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से पूर्व की भांति ₹36.84 लाख आवंटित करने को भी मंजूरी दी है।

इसके अलावा चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के प्रत्येक वाइब्रेंट विलेज में कानून-व्यवस्था, दस्तावेज सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र, साइबर जागरूकता और पुलिस से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए “थाना दिवस” और “रात्रि चौपाल” कार्यक्रम संचालित करने के प्रस्ताव को भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान किया है।

सरकार का मानना है कि इन स्वीकृतियों से राज्य में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, कुंभ मेला-2027 की तैयारियां और मजबूत होंगी तथा सीमांत क्षेत्रों में प्रशासनिक एवं पुलिस सेवाओं की पहुंच और अधिक प्रभावी बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *