देहरादून ,
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने मासिक अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर निलंबन जैसी कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है।
पुलिस कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान एसएसपी ने जनपद में घटित अपराधों, उनके अनावरण तथा विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अनावश्यक रूप से विवेचनाएं लंबित रखने वाले अधिकारियों को फटकार लगाते हुए मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीसीटीएनएस पोर्टल पर समय से अपडेट हों सूचनाएं
एसएसपी ने सीसीटीएनएस के अंतर्गत विभिन्न पोर्टलों की समीक्षा करते हुए पाया कि कई स्थानों पर सूचनाएं समय पर अपडेट नहीं की जा रही हैं। इस पर संबंधित थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिए गए कि सभी सूचनाओं को नियमित रूप से पोर्टल पर अद्यतन किया जाए और किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
पीड़ितों की शिकायतों का हो त्वरित निस्तारण
बैठक में थाना स्तर पर आने वाले फरियादियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि यदि प्रार्थना पत्र अनावश्यक रूप से लंबित पाए गए तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
साइबर अपराधों पर विशेष फोकस
साइबर अपराधों के निस्तारण में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने वाले अधिकारियों को फटकार लगाते हुए एसएसपी ने ऐसे मामलों के शीघ्र विधिक निस्तारण और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रात्रि गश्त और चेकिंग होगी और प्रभावी
एसएसपी ने अपराधों की रोकथाम के लिए शाम और रात के समय चेकिंग अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित जांच, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक के अंत में एसएसपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में प्रभावी पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों से पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।